बेरोजगारों को मुफ्त मिलेंगे पांच हनी बॉक्स व प्रशिक्षण

 बेरोजगारों को मुफ्त मिलेंगे पांच हनी बॉक्स व प्रशिक्षण
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं और मधुमक्खी पालन में रुचि रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने हनी मिशन (मधुमक्खी पालन) योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित लाभार्थियों को पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण के साथ प्रति व्यक्ति पांच हनी बॉक्स एवं आवश्यक टूल किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे शहद उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर सकें।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सूरज प्रसाद वर्मा ने बताया कि योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां, जो परंपरागत रूप से या स्वरोजगार के रूप में मधुमक्खी पालन करना चाहते हैं अथवा शहद उत्पादन का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का गठित समिति द्वारा साक्षात्कार एवं सत्यापन के बाद चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थियों को पांच दिवसीय गुणवत्तापरक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को पांच हनी बॉक्स तथा संबंधित टूल किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे शहद उत्पादन का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना आवेदन 15 जुलाई तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 77/274 बी सिविल लाइंस एलआईसी बिल्डिंग के सामने किसी भी कार्य दिवस पर जमा करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की अपील की।
—————————————— 
 चार दशक की विधि सेवा को मिला सम्मान
– बार एसोसिएशन ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं का किया अभिनंदन
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। न्याय व्यवस्था को चार दशकों तक अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सोमवार को खागा तहसील सभागार में बार एसोसिएशन द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। समारोह में 40 वर्षों से लगातार विधि व्यवसाय कर रहे करीब 50 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को अंग वस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान न्यायिक परंपराओं, अधिवक्ताओं की गरिमा और नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार व विशिष्ट अतिथि तहसीलदार शैल कुमारी रहे। अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री मलखान यादव ने किया। सम्मान समारोह का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चंद्र त्रिपाठी के अभिनंदन से हुआ। इसके बाद प्रताप सिंह, आनंद मोहन त्रिपाठी, एनुलहक, रामलखन बाजपेई, पुष्प नारायण सिंह, केशचंद्र मिश्रा, महेंद्र राज सिंह, अनिल कुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह तोमर सहित लगभग आधा सैकड़ा वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम अभिनीत कुमार ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी पूंजी है। उनके ज्ञान और मार्गदर्शन से युवा अधिवक्ताओं को बेहतर कार्यशैली, नैतिकता और न्याय के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। विशिष्ट अतिथि तहसीलदार शैल कुमारी ने भी समारोह को संबोधित किया। समारोह में मुकुल बाजपेई, मनीष पांडेय, अश्विन, इजराइल, आशुतोष त्रिपाठी, दुर्गेश सिंह, कुमार कपिल, राहुल तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
—————————————– –
खागा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज
– व्यापार मंडल ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद नरेश उत्तम पटेल से मुलाकात कर खागा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि खागा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाता है तो इससे न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की। सांसद नरेश उत्तम पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि हाल ही में प्रयागराज में आयोजित रेलवे की उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने खागा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही खागा, फतेहपुर और बिंदकी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के वर्तमान दो मिनट के ठहराव को बढ़ाकर पांच मिनट किए जाने की भी मांग की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा और जल्द ही क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह पटेल, वरिष्ठ जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव उर्फ सोनू, जिला मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल, जिला मंत्री राजीव सिंह तथा युवा मंत्री साधु सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—————————————- 
बिमारी से तंग युवक ने शराब के साथ पिया जहर, मौत
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में बिमारी से तंग आकर 45 वर्षीय युवक ने शराब के साथ जहर पी लिया। जिससे उसकी मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम प्रयागदासपुर मजरे पैजापुर निवासी कुंजल सिंह का पुत्र उदयभान सिंह शराब पीने का आदी था। इसी बीच उसकी तबियत खराब हो गयी। एक माह इलाज बाद शराब पीना शुरू कर दी। बीती शाम उसने शराब के साथ जहर मिलाकर पी लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्ट मार्टमहाउस में मृतक के बड़े भाई सूर्यभान ने दी है।
—————————————– –
 सर्पदंश से किशोरी की मौत
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। परिजनों के साथ फर्स पर सोई 10 वर्षीय किशोरी को रविवार रात जहरीले सांप ने काट लिया। जिसकी मौत हो गई। सांप काट लेने के बाद सुबह 6 बजे तक वहीं बैठा रहा परिजनों की नींद टूटी सांप को देख कोहराम मच गया।
मामला बकेवर थाना क्षेत्र के बाका अकबराबाद गांव का हैं। किसान अरविंद कुशवाहा उसकी पत्नी सुशीला देवी, 10 वर्षीय पुत्री कोमल सहित अन्य परिवार के लोग रविवार को रात खाना खाने के बाद फर्स पर सो गए। तभी जहरीले सांप ने कोमल को गर्दन में काट लिया। सुबह परिजनों की नींद टूटी तो देखा जहरीला सांप उनके पास बैठा हैं देख लोगों के होश उड़ गए। चीख-पुकार मचने पर सभी लोग भागे लेकिन किशोरी कोमल उठ नहीं सकी। जीवित होने की आंशका पर परिजन आनन फानन किशोरी को लेकर सीएचसी आये जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। परिजनों में रो रोकर बुरा हाल हैं। सूचना पाते पुलिस पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दिया हैं।
————————————– —
पेड़ से गिरकर युवक की मौत
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सहनीपुर में सोमवार की सुबह आम के पेड़ से गिरकर 42 वर्षीय युवक घायल हो गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार साहनीपुर गांव निवासी स्व0 रामदेव का पुत्र अरूण कुमार सोमवार की सुबह पेड़ में चढकर आम तोड़ रहा था। वहीं पेड़ में बैठे बंदर ने उस पर छपट्टा मारा तो वह डर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे पहले प्राइवेट हास्पिटल ले गये जहां हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घर वाले उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लाये। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे मंे लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चचेरे भाई चितरंजन ने दी।
————————————— 
पति से लड़कर खाया जहर
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम मीरमऊ में सोमवार की सुबह पति से लड़ 28 वर्षीय महिला ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार मीरमऊ गांव निवासी राजकुमार की पत्नी आशा देवी का आज सुबह अपने पति से किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गयी। जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे तत्काल सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
—————————————- 
  गड्ढे में गिरकर युवक घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ग्राम अस्तुपुर भिटवापर रविवार की रात शौचक्रिया के लिए जा रहे 40 वर्षीय युवक जीसीबी द्वारा खोदे गये गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार अस्तुपुर भिटवापर गांव निवासी श्रीराम का पुत्र रामहित रात नौ बजे शौंचक्रिया के लिए जा रहा था। तभी घर से सौ मीटर की दूरी पर जीसीबी द्वारा खोदे गये गहरे गड्ढे में जा गिरा जिससे वह घायल हो गया। जानकारी होने पर मौके में पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
————————————– 
  सड़क हादसो में तीन घायल
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत हुए सड़क हादसों के दौरान तीन लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सेमरहटा गांव निवासी दत्तू का 60 वर्षीय पुत्र होरी लाल अपने साथी रामपाल पुत्र सिद्धू 50 निवासी खुसरूपुर के साथ बाइक से शहर आ रहा था। जैसे ही यह लोग लखनऊ बाईपास चौराहे पर पहुंचे तभी अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गये। इसी प्रकार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चक बाकरपुर गांव निवासी रघुराज का 18 वर्षीय पुत्र सत्यम सोमवार की सुबह बाइक से हथगाम की ओर जा रहा था। तभी नरतौली गांव के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से घायल हो गया। वहीं सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *