सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ के समर्थन में आए विवेक ओबेरॉय, बोले- भारतीय सेना के शौर्य पर बनी हर फिल्म को मिलना चाहिए प्यार

मुंबई: अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, बहादुरी और बलिदान पर बनने वाली हर फिल्म को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए। विवेक ने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए निर्देशक अपूर्व लाखिया को भी शुभकामनाएं दीं।

दरअसल, विवेक ओबेरॉय हाल ही में कैंसर मरीजों के लिए आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग में पहुंचे थे। उन्होंने अपनी फिल्म रामायणम् की स्क्रीनिंग कैंसर पीड़ितों के लिए आयोजित की थी। इसी दौरान मीडिया ने उनसे सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर सवाल किया।

इस पर विवेक ने कहा कि अगर कोई फिल्म भारतीय सेना के शौर्य, बहादुरी, साहस और वीरता पर बन रही है तो दर्शकों के तौर पर हमें उसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा और यह लोगों को प्रेरित करेगी।

निर्देशक अपूर्व लाखिया को बताया दोस्त

विवेक ओबेरॉय ने फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया को अपना अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि अपूर्व के साथ वह फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में काम कर चुके हैं। उन्होंने निर्देशक को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर करे उनकी फिल्म सफल हो और लोगों को प्रेरणा दे।

विवेक ने आगे कहा कि जो फिल्में वर्दी पहनने वाले जवानों के प्रति लोगों के दिलों में सम्मान पैदा करती हैं, उन्हें सफलता मिलनी चाहिए।

4 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।

गौरतलब है कि सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच वर्ष 2003 में विवाद हुआ था। ऐसे में पुराने मतभेदों के बावजूद विवेक का सलमान की फिल्म के समर्थन में बयान देना चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *