मौदहा बांध से जल निकासी शुरू, डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट जारी
मौदहा बांध से जल निकासी शुरू, डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट जारी
मौदहा बांध से जल निकासी शुरू, डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट जारी
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर —हमीरपुर। जनपद में स्थित मौदहा बांध से जल निकासी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार बांध के गेटों के निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य के मद्देनज़र इसे आंशिक रूप से खाली किया जा रहा है। इस क्रम में 05 मई 2026 को सायं 5 बजे से बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि 05 मई से 15 मई 2026 तक बांध से लगातार जल प्रवाह होने के कारण बिरमा नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने की संभावना है। इससे नदी किनारे बसे गांवों, किसानों और पशुधन पर प्रभाव पड़ सकता है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने नदी तट के समीप रहने वाले नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने, अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने तथा पशुधन, कृषि यंत्र एवं अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।