शादी से इनकार पर महिला ने थाने में खाया जहर, मचा हड़कंप
शादी से इनकार पर महिला ने थाने में खाया जहर, मचा हड़कंप
ग्रामीणों ने विधायक से की ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग
गुगल से लिया गया चित्र एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बहुआ विकास खण्ड स्थित ग्राम खटौली के ग्रामीणों को जल्द ही बिजली की किल्लत से राहत मिल सकती है। गांव में व्याप्त लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर क्षेत्रीय विधायक विकास गुप्ता से मुलाकात की। ग्रामीणों ने गांव में वर्तमान में लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 65 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने विधायक को सौंपे गए मांग पत्र में स्पष्ट किया कि वर्तमान ट्रांसफार्मर कम क्षमता का होने के कारण आए दिन फुंक जाता है, जिससे पूरी बस्ती अंधेरे में डूब जाती है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को इस बाबत तत्काल निर्देशित किया जाए, ताकि विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही अमल में लाई जा सके और ग्रामीणों को सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह के नेतृत्व में ग्रामीणों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा। मुलाकात के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य लाखन सिंह, भाजपा बूथ अध्यक्ष रोहित सिंह, इंद्रजीत यादव, अनिल कुमार, राधेश्याम, सोनू सिंह, रामदास, सरला देवी, वृजेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह, महादेव सिंह, उर्मिला देवी, ज्ञानवती, अनारकली और सुनीता देवी समेत भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक विकास गुप्ता ने उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वे इस संबंध में जल्द ही बिजली विभाग के आला अधिकारियों से बात करेंगे ताकि गांव की विद्युत क्षमता में वृद्धि कराई जा सके। —————————————–
शादी से इनकार पर महिला ने थाने में खाया जहर, मचा हड़कंप – पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने कथित तौर पर शादी से इनकार किए जाने से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी ललौली थाना क्षेत्र के हरियापुर गांव निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद वह करीब छह वर्ष तक ससुराल में रही। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक अन्य युवक के संपर्क में आई और करीब चार वर्ष पूर्व उसके साथ कानपुर चली गई, जहां दोनों साथ रह रहे थे। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब विवाह से इंकार कर दिया। पीड़िता ने करीब 20 दिन पहले बिंदकी कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, पर कार्रवाई न होने का आरोप है। इसके बाद वह युवक के गांव हरियापुर पहुंची, जहां उसके साथ अभद्रता किए जाने की भी बात कही जा रही है। पीड़िता का कहना है कि उसने ललौली थाने में भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से आहत होकर उसने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला का प्रार्थना पत्र मिलने पर युवक को, जो नौकरी के सिलसिले में पुणे में था, बुलाया गया था और दोनों की काउंसिलिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान महिला बाहर जाकर पास की दुकान से डाई खरीदकर पी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। महिला के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, खासकर पहले की गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई न होने को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है। —————————————–
बरातियों से भरी बस डंपर से टकराकर पलटी, डेढ़ दर्जन घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बंवारा पेट्रोल पम्प के समीप बुधवार की भोर अनियंत्रित होकर बरातियों से भरी बस रोड किनारे खड़े डंपर से टकराकर पलट गई। जिसमें डेढ़ दर्जन से अधिक बराती घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चालक सहित पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी स्व0 गोवर्धन के 25 वर्षीय पुत्र राहुल की बारात किशनपुर थाना क्षेत्र के सिमली गांव गई थी। बताते हैं कि रात लगभग साढ़े तीन बजे लौटते समय जैसे ही बस बंवारा के समीप पेट्रोल पम्प के पास पहुंची तभी अचानक चालक को झपकी आ गई जिससे रोड किनारे खड़े डंपर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में सत्यम पुत्र शिव प्रसाद 6 वर्ष, पिता शिव प्रसाद पुत्र स्व0 ननकवा 45 वर्ष निवासीगण बबुआ पिनारा थाना मरका जनपद बांदा, श्रीराम पुत्र बोधी प्रसाद 45 वर्ष निवासी बेसड़ी थाना असोथर, सचिन पुत्र श्रीराम 15 वर्ष निवासी सिमौर थाना गाजीपुर, श्रीराम पुत्र बोधिल 40 वर्ष निवासी सिमौर, शिवनारायण कुमार पुत्र स्व0 मइयादीन 25 वर्ष, रामनरायण पुत्र रामाधीन 50 वर्ष निवासीगण अब्दुलपुर गनी थाना गाजीपुर, प्रिंस पुत्र श्रीराम 11 वर्ष, रामनरेश पुत्र स्व0 मइयादीन, रमेश चन्द्र पुत्र मेवालाल 60 वर्ष निवासी कंधईया थाना असोथर, दुर्गेश पुत्र कुमार 20 वर्ष, रमेश 50 वर्ष निवासीगण सिमौर सहित उन्नीस लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल बस चालक सुल्तान पुत्र सुलेमान 40 वर्ष, रामनरेश, रमेश चन्द्र, शिव प्रसाद व श्रीराम की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सक ने कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। —————————————-
सांड़ के हमले से गिरा युवक, वाहन से कुचलकर मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा के समीप एनएच-2 में मंगलवार की देर रात ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने कमरे जा रहे 26 वर्षीय युवक पर सांड़ ने हमला कर दिया। जिससे वह रोड पर गिर गया। उसी समय विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन रौंदते हुए निकल गई। घायल अवस्था में उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी शिव प्रसाद का पुत्र सुनील सौंरा स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करता था। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त कर कमरे वापस जा रहा था। जैसे ही वह सौंरा एनएच-2 पर पहुंचा तभी सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। वह रोड पर गिर गया। तभी विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन रौंदते हुए निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस से घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————–
संदिग्ध हालत में युवक ने लगाई फांसी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपलापुर मजरे कुसुम्भी में संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय युवक ने गांव के बाहर जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार गोपलापुर मजरे कुसुम्भी निवासी रामभवन के पुत्र राहुल ने संदिग्ध अवस्था ने गांव के बाहर जंगल में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो रोते-बिखलते परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में भाई सुमेन्द्र ने दी है।