एकजुट होकर लड़ेंगे हितों की लड़ाई, कैप्टन पीतांबर बने संयोजक
एकजुट होकर लड़ेंगे हितों की लड़ाई, कैप्टन पीतांबर बने संयोजक
पूर्व सैनिक संगठनों की समन्वय समिति गठित
– एकजुट होकर लड़ेंगे हितों की लड़ाई, कैप्टन पीतांबर बने संयोजक
फोटो परिचय- बैठक के बाद खड़े जिले के पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — जनपद के विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से एक समन्वय समिति का गठन किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी संगठन अपने-अपने नियमों के अनुसार स्वतंत्र रूप से कार्य करते रहेंगे, लेकिन जहां भी पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़ा कोई मुद्दा सामने आएगा, वहां सभी संगठन एकजुट होकर बैठक करेंगे और सामूहिक रूप से नीति निर्धारण करेंगे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी संगठन हर स्तर पर मिलकर कार्य करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटने का संकल्प लिया गया। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने संयोजक समिति के संयोजक पद के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के अध्यक्ष कैप्टन पीतांबर सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का समर्थन इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष कैप्टन राजकुमार सिंह राठौड़ और उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्थान के अध्यक्ष कैप्टन लालचंद ने किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। पूर्व सैनिक संयुक्त संगठन के अध्यक्ष कैप्टन हरिशंकर सिंह की अनुपस्थिति में आए कोटेश्वर शुक्ला और जागेश्वर पासवान ने खुशी जाहिर करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में इस पहल का स्वागत किया। महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने अपील किया कि सभी पूर्व सैनिक अपने-अपने परिवार, विशेष रूप से अपनी धर्मपत्नी को भी संगठन से जोड़ें, ताकि संगठन को और अधिक मजबूती मिल सके। बैठक में सुशील कुमार तिवारी, भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री, राजेश कुमार शुक्ला, लालजी श्रीवास्तव, अर्जुन सिंह, सुमन श्रीवास्तव, सुमन मौर्य, शिवशंकर सिंह, राम प्रसाद पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।