ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पकड़ा चोर,प्लाई व एक बाइक बरामद
ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पकड़ा चोर,प्लाई व एक बाइक बरामद
ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पकड़ा चोर
– पांच शटरिंग प्लाई व एक बाइक बरामद
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में चोर। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया जिसके पास से चोरी की गई पांच शटरिंग प्लाई व घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया।
कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शातिर चोर दीपू पुत्र नरेश निवासी ग्राम डीघ कोतवाली बिंदकी को चोरी की पांच शटरिंग प्लाई तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार आदि रहे।
—————————————
जेवरात व नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
फोटो परिचय- टूटे लाकर का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ चौडगरा, फतेहपुर। कल्यानपुर क्षेत्र के चौडगरा क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। गर्मी की रातों में चोर नींद का फायदा उठा चपत लगा रहे हैं। कल्यानापुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव में चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित वीरेन्द्र मौर्य ने चौडगरा चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया कि 27 व 28 मई की दरमियानी मध्य रात पीड़ित वीरेन्द्र मौर्य अपने परिवार के साथ खेत में पानी लगाने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर घर से सोने के कान की झुमकी, नथनी, चांदी की पायल और 20000 रुपये नकद एवं 25 बोरी गेहूं चुरा ले गए। सुबह लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। पीड़ित ने बताया कि वह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता है। इस घटना से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की है। —————————————– सीसीटीवी फुटेज के बावजूद नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट – पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर दबंगों पर मारपीट, छिनैती और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, इसके बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
राधानगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी गुड़िया पत्नी रमेशचन्द्र गुप्त ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 मई 2026 की रात करीब 9 बजे उसका बेटा ई-रिक्शा से राशन लेकर लौटा था। रिक्शा खड़ा करने के विवाद में दबंग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, सोने की चेन छीन ली तथा जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि एक युवक ने अवैध तमंचे से फायर भी किया, हालांकि गोली मिस हो गई जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद दबंगों ने घर में घुसने और तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। महिला का आरोप है कि उसने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। वहीं दूसरी ओर विपक्षियों के प्रभाव में आकर उन्हीं के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई और दर्ज मुकदमे को समाप्त कराने की मांग की है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, आईजी प्रयागराज रेंज और जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि भेजकर न्याय दिलाने की मांग की है। ————————————- – व्यापार मंडल की सभी इकाइयां भंग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने बताया कि जिला, नगर, ट्रेड, तहसील, कस्बा की सभी इकाइयां तत्काल प्रभाव से मांग कर दी गई हैं। उन्होने बताया कि जुलाई माह से नई कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। तत्पश्चात सभी इकाईयों का नवीनीकरण जारी किया जाएगा। ————————————— एक बिखरते परिवार को जोड़ने में मिली सफलता एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत चलाए जा रहे साथ-साथ कार्यक्रम के तहत परिवार परामर्श केंद्र में एक बिखरते परिवार को फिर से जोड़ने में सफलता मिली।
परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच चल रहे वैचारिक मतभेद और आपसी मनमुटाव को दूर कराया गया। प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह एवं काउंसलर कविता रस्तोगी ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए समझौता कराया। काउंसलिंग के बाद दंपति ने पुराने विवाद भुलाकर दोबारा साथ रहने पर सहमति जताई। इस दौरान महिला आरक्षी यशस्वी शर्मा भी मौजूद रहीं। पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान टूटते परिवारों को जोड़ने और आपसी रिश्तों में मधुरता कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। —————————————- – डीसीएम की टक्कर से चाचा की मौत, भतीजा घायल – दावत में जा रहे थे बाइक सवार चाचा-भतीजा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। अपने घर से दावत में जा रहे बाइक सवार चाचा-भतीजे को डीसीएम गाड़ी ने तेज टक्कर मार दिया जिसके चलते चाचा की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई वहीं भतीजा गंभीर घायल हो गया जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी कस्बे के खजुहा चौराहे के समीप सम्राट सिनेमा मोड में शुक्रवार की सुबह लगभग 6 बजे डीसीएम गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दुक्खी 57 वर्ष पुत्र कल्लू की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भतीजा इमरान 26 वर्ष पुत्र रमजान निवासी बलुआपुर धोबिन का पुरवा गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हड़कंप मच गया मौके पर भारी भीड़ लग गई। घायल इमरान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन रो-रोकर बेहाल हो रहे थे। बताया जाता है कि मृतक चाचा दुक्खी अपने भतीजे इमरान के साथ बाइक द्वारा मलवा थाना क्षेत्र के अढेना गांव एक दावत कार्यक्रम में जा रहे थे तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई। बताया जाता है कि मृतक दुक्खी गांव में ही बकरी पालकर व थोड़ी खेती में काम करके अपना और परिवार का पालन पोषण करता था, जबकि उसका भतीजा इमरान मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। बकरीद के त्योहार के कारण अभी कुछ दिन पहले मुंबई से अपने गांव आया था। ————————————– युवती ने फांसी लगाकर जीवनलीला की समाप्त एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम चक बबुल्लापुर में पारिवारिक कलह से तंग आकर 25 वर्षीय युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार चक बबुल्लापुर गांव निवासी स्व0 छेद्दू की पुत्री लक्ष्मी देवी ने घरेलू कलह के चलते गुरूवार की देर रात घर के अंदर उस वक्त फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। तभी युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो फांसी पर लटका लक्ष्मी का शव देख कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ———————————- — ट्रक पलटने से घायल अधेड़ की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। विगत बारह दिन पूर्व बांदा जनपद के मरका के समीप अनियंत्रित होकर मौरंग लदा ट्रक पलटने से पिता-पुत्र घायल हो गए थे जहां इलाज के दौरान गुरूवार की शाम पिता की मौत हो गई।
बताते चलें कि मलवां थाना क्षेत्र के सरांय खरगू गांव निवासी साहेब अली का 54 वर्षीय पुत्र चांद बाबू अपने पुत्र के साथ 17 मई को मौरंग लादकर आ रहा था। तभी मरका के समीप अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया जिससे चांद बाबू गंभीर रूप से घायल हो गया था जबकि पुत्र को मामूली चोटे आई थीं। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां से कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। गुरूवार को इलाज के दौरान अधेड़ चांद बाबू की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————- – छप्पर गिरने से वृद्ध की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलमी गढ़वा में गुरूवार की देर रात आंधी-पानी के दौरान छप्पर गिरने से 38 वर्षीय वृद्ध की दबकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिलमी गढ़वा गांव निवासी विशेषण प्रसाद का पुत्र त्रिवेणी प्रसाद गुरूवार की रात घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहा था तभी देर रात आंधी-पानी के दौरान छप्पर उसके उपर गिर गया जिससे वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।