फ्रिज का कंप्रेसर फटने से महिला की मौत,पहुंचे एडिशनल एसपी
फ्रिज का कंप्रेसर फटने से महिला की मौत,पहुंचे एडिशनल एसपी
फ्रिज का कंप्रेसर फटने से महिला की मौत – भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो इंदिरा नगर में शनिवार की शाम दर्दनाक हादसे में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी रफी अहमद के मकान में शनिवार की शाम करीब तीन बजे अचानक फ्रिज का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे के दौरान रफी अहमद की पत्नी सबरीन 55 वर्ष उसकी चपेट में आ गईं। धमाका इतना तेज था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हथगाम थाना पुलिस व आसपास के थानों की फोर्स भी घटनास्थल पर मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। फ्रिज का कंप्रेसर किन परिस्थितियों में फटा और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मोहल्ले में शोक का माहौल है।