स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन,बिजली विभाग कार्यालय पर हंगामा

   स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन,

बिजली विभाग कार्यालय पर हंगामा
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — हमीरपुर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिल और बिल जमा होने के बावजूद सप्लाई काटे जाने से नाराज उपभोक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को मौदहा के निजामीपुरा मोहल्ले में दर्जनों महिलाओं ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए और सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महिलाएं नारेबाजी करते हुए विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया। स्मार्ट मीटर को लेकर पूरे जिले में इस समय असंतोष का माहौल बना हुआ है। मौदहा कस्बे में भी इस विरोध ने उग्र रूप ले लिया है, जहां क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया गया है।
बताया गया कि आक्रोशित भीड़ पावर हाउस पहुंच गई और वहां मौजूद कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
महिलाओं और उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। साथ ही, समय पर बिल जमा करने के बावजूद बिजली काटे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
फिलहाल पुलिस व प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *