विरोध करने पर युवती को धमकाया, एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग

    विकलांग माता-पिता की जमीन पर कब्जे का आरोप
– विरोध करने पर युवती को धमकाया, एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग
फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट में प्रार्थना पत्र देने के लिए खड़े पीड़ित।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट बुढ़वा निवासी संध्या मिश्रा पुत्री देवेंद्र मिश्रा ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर चाचा व उनके तीन पुत्रों पर जमीन पर कब्जा करने, गाली-गलौज व मारपीट करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके माता-पिता दोनों विकलांग हैं और करीब डेढ़-दो बीघा जमीन पर गुजर-बसर करते हैं। कठिन परिस्थितियों में उसे व उसके इकलौते भाई को पढ़ाया-लिखाया। भाई तहसील बिंदकी में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के जूनियर के रूप में कार्य सीख रहा है, जबकि पीड़िता घर पर रहती है। आरोप है कि उसके चाचा महेंद्र कुमार मिश्रा शराबी हैं और उनके तीन पुत्र अतुल मिश्रा, अमित मिश्रा व अनुरुद्ध मिश्रा हैं। चाचा व उनके पुत्रों समेत अन्य लोगों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके विकलांग माता-पिता के हिस्से की जमीन व मकान पर कब्जा कर रखा गया है। उसने यह भी आरोप लगाया कि करीब 90 वर्षीय वृद्ध बाबा को भी चाचा व चचेरे भाइयों के मारपीट के डर के कारण उनके पक्ष में बोलना पड़ता है। 15 सितंबर की शाम घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वह अपने भाई को बुलाने के लिए घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान चाचा महेंद्र मिश्रा और उनके पुत्र अमित व अनुरुद्ध वहां मौजूद थे। आरोप है कि शराब के नशे में अमित मिश्रा ने उसके ऊपर बोतल से शराब छिड़कने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके सीने में धक्का मार दिया। उसने घर पहुंचकर जहानाबाद थाने में फोन से सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही संबंधित लोग घर से निकल गए। पुलिस के जाने के बाद कथित तौर पर उसे धमकी दी गई कि उसे कहीं नहीं छोड़ा जाएगा और बदनाम करने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने भाई और विकलांग माता-पिता की जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *