सीएचसी हरदो में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीज परेशान

 सीएचसी हरदो में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीज परेशान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो में डॉक्टरों के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को हालात तब और गंभीर दिखे जब क्षय रोग (टीबी) कक्ष में डॉक्टर की कुर्सी घंटों खाली पड़ी रही। दूर-दराज गांवों से आए मरीज इलाज की उम्मीद में सुबह से कतार में बैठे रहे, लेकिन दोपहर तक भी उन्हें समुचित उपचार नहीं मिल सका।
धाता ब्लाक के कटरिया की संगीता देवी और खागा नगर के गंगादीन का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। अक्सर डॉक्टर समय से अस्पताल नहीं पहुंचते, जिससे बलगम जांच दवा सेवाएं प्रभावित होती हैं। टीबी जैसे गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों को नियमित जांच और दवा की आवश्यकता होती है, लेकिन संबंधित कक्ष में चिकित्सक के न मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ता है। कुछ मरीजों ने बताया कि कई बार दवा वितरण में भी देरी हो जाती है। उच्चाधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। डाक्टर मो खुर्शीद ने बताया कि कभी कभार डाक्टर विभागीय कार्य के लिए चले जाते हैं।


     मिलेट्स महोत्सव में जैविक खेती के जाने लाभ
– महोत्सव में किसानो का एक जत्था हुआ शामिल
फोटो परिचय-  महोत्सव में जाने के लिए रवाना होता किसानों का जत्था।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव में चल रहे मिलेट्स महोत्सव में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत जैविक खेती के गुरु मंत्र सीखने के लिए कृषि विभाग की सर्विस प्रोवाइडर ईश एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड इंदौर मध्य प्रदेश के नेतृत्व में उपकृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह के निर्देशन में किसानो का एक जत्था मिलेट्स महोत्सव में शामिल होने के लिए ऐराया विकास खंड से पहुंचा थरियांव पहुंचा। जहां पर किसानों को जैविक खेती से पोषक युक्त, जहर मुक्त उपज पैदा करने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों को श्री अन्न की खेती के लाभ बताए गए। इस मौके पर प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र सिंह, अनिल मिश्रा, फील्ड ऑफिसर दीपांकर सिंह, राहुल कुमार सहित किसान शामिल रहे।

—————————————- 
    अधिवक्ता की निर्मम हत्या के विरोध में वकीलों ने दिया ज्ञापन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। अवध बार लखनऊ में विधि व्यवसाय में कार्यरत वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा की 22 फरवरी को लोहे की रॉड और लाठी डंडों से पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में मॉडल बार एसोसिएशन खागा ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
माडल बार के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन में मांग किया कि मृतक सुभाष चंद्र मिश्रा के परिजनों को तत्काल एक करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा दिया जाए। मृतक अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा के परिवार की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मृतक अधिवक्ता के एक आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाए। उत्तर प्रदेश में तत्काल प्रभाव से अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए। वकीलों ने बताया कि प्रदेश में लगातार वकीलों की हत्याये हो रही है प्रशासन निरंकुश बना हुआ है वकीलों की सुरक्षा के लिये सम्पूर्ण प्रदेश में जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करवाना जरूरी हो गया है। इस मौके पर अधिवक्ता महामंत्री मलखान सिंह यादव एडवोकेट, रामसखा द्विवेदी एडवोकेट, अजय त्रिपाठी एडवोकेट, वीरेंद्र सिंह तोमर एडवोकेट, अरविंद कुमार पांडेय एडवोकेट, पूर्व महामंत्री धर्मेंद्र सिंह एडवोकेट, बांकनाथ गोस्वामी एडवोकेट, मो यूसुफ एडवोकेट, लोधी लक्ष्मी देवी एडवोकेट, संजय सिंह एडवोकेट, इसराइल फ़ारूक़ी एडवोकेट, राम सुमेर यादव एडवोकेट सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।
————————————- 
    कृषि यंत्र पाने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उप कृषि निदेशक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन के सिंगल कृषि यंत्र एवं अन्य योजनाओं के अवशेष कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा करने के लिए कृषि विभाग के विभागीय वेबसाइड उपकरण पर अनुदान प्राप्त पर बुकिंग की जा रही है। कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू हो गई है। चार मार्च की रात बारह बजे तक की जाएगी। जो कृषि यंत्रों के लक्ष्य अवशेष रह गये हैं उनको समाहित करते हुये जनपद स्तर पर बुकिंग की जा रही है। कृषि यंत्र व कृषि रक्षा उपकरण पर मूल्य का 40 से 80 प्रतिशत अनुदान देय है। 10001 से 100000 तक भुनदान के कृषि यंत्रों हेतु जमानत धनराशि 2500 होगी एवं 100001 से अधिक अनुदान के कृषि यंत्रों हेतु जमानत धनराशि 5000 रूपए होगी। कृषि यंत्रों का विवरण, यंत्र बुकिंग एवं अनुदान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी कृषि विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है।
—————————————- 
   इलाज के दौरान वायुसेना जवान की मौत
  एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। तीन दिन पूर्व मार्ग दुर्घटना में घायल हुए गांव मंगलपुर टकौली निवासी वायु सेना जवान की कानपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान का शव गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बेहाल रहे मृतक जवान का अंतिम संस्कार गांव में गमगीन माहौल में कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव मंगलपुर टकौली निवासी 30 वर्षीय विवेक सचान पुत्र चंद्रशेखर सचान भारतीय वायुसेना में बाग डोगरा आसाम में एयर क्राप्ट पोस्ट में तैनात थे। 22 फरवरी को छुट्टी पर घर आये थे इसी बीच कानपुर से आते समय जनपद कानपुर नगर के थाना विधनू के टेडा़ मोड़ पतारा के समीप मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया थे। जिसे कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव में जवान का शव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शिल्पी सचान व दो वर्षीय एकलौते बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान का गांव में ही गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजू सचान डा.अनूप सचान देव नारायण सचान सहित बड़ी संख्या में लोग आवास पहुंचकर शोक संवेदना ब्यक्त करते हुए जवान को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
———————————— 
  सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बाकरगंज भिटौरा रोड़ बरदाही बाजार के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 56 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ललौली थाना क्षेत्र के महना गांव निवासी स्व0 सुभाष चन्द्र सिंह का पुत्र महेन्द्र सिंह बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह बाकरगंज भिटौरा रोड़ बरदाही बाजार के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां डाक्टर उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *