जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक, अधिकारी उपस्थित रहे

   जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक 
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जनपद में “जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति” की बैठक जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के नोडल अधिकारी संदीप मालवीय, जिला प्रभारी मेवा लाल, जिला जनगणना अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी/डिप्टी कलेक्टर, समस्त तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (House Listing & House Census) के सफल, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित संचालन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि यह प्रथम चरण दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस चरण के अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी अवधि 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। जनगणना-2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना (Population Enumeration) दिनांक 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में गणना क्षेत्रों के प्राथमिक सीमांकन, क्षेत्रवार कार्ययोजना, गणनाकर्मियों के चरणबद्ध प्रशिक्षण तथा निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। जनगणना कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर सतत निगरानी व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार नियंत्रण कक्ष (Control Room) की स्थापना के निर्देश दिए गए। फील्ड स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सुदृढ़ सहायता तंत्र विकसित करने पर बल दिया गया।
जनसामान्य को जागरूक करने के लिए ग्रामों, वार्डों एवं मोहल्लों में बैठकों, सूचना पट्टों, मुनादी तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिकों द्वारा ऑनलाइन विवरण भरने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा नागरिकों से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके माध्यम से आवासीय स्थिति, मकान के उपयोग तथा उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा।
बैठक के उपरांत समस्त अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना CMMS पोर्टल पर कार्य करने हेतु व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्य को सुचारु एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा जनसामान्य से अपील की गई कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे जनगणना कार्मिकों द्वारा पूछे जाने वाले सभी प्रश्नों का सही, स्पष्ट एवं पूर्ण उत्तर प्रदान करें तथा उन्हें अपने कार्य के निर्वहन में पूर्ण सहयोग दें, ताकि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सटीक, विश्वसनीय एवं उपयोगी सिद्ध हों और उनके आधार पर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *