ड्रोन करेगा आसमान से निगरानी, सड़क पर पुलिस का पहरा

     ड्रोन करेगा आसमान से निगरानी, सड़क पर पुलिस का पहरा
मिश्रित आबादी वाले सौ से अधिक स्थानों को किया चिंहित
– क्यूआरटी, मोबाइल वैन व बाइकों से पुलिस जवान करेगें गश्त
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– होली पर पुलिस की ओर से तैयारी पुख्ता कर ली गई है। पर्व पर ला एंड आर्डर बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसपी ने सभी थानेदारों को इसके लिए निर्देशित कर दिया है। पूरे जिले में सौ से अधिक मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र चिंहित किये गए हैं। यहां आसमान से ड्रोन निगरानी करेगा और सड़कों पर पुलिस का पहरा होगा। थाना पुलिस सहित इसके लिये एक हजार से अधिक जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले में 2573 स्थानों पर होलिका दहन होगा। सभी स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। रंगों की होली के दिन मुख्य मार्गों के साथ गली-मोहल्लों में भी पेट्रोलिंग होगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी। 20 क्यूआरटी, 50 कोबरा बाइक से पुलिस जवान गश्त करते रहेगें। मिश्रित आबादी वाले 108 क्षेत्रों में से 57 क्षेत्र ऐसे हैं जहां विशेष निगरानी की जाएगी। यहां विवाद की आशंका जताई गई है। इसके लिये पुलिस ने पहले से क्षेत्रवार बैठक कर लोगों को सख्त हिदायत दे दी है।

——————————–
इनसेट-
गाड़ियों में रहेगा डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर
बीते दिनों एडीजी और आईजी ने एसपी सहित अधिकारियों से ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की। निर्देश दिए कि हर क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति दिखाई देनी चाहिए। किसी भी सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। बड़े स्पीकर लगाकर रास्ता रोकने की अनुमति नहीं होगी। सभी मार्गों पर यातायात सामान्य रहेगा। किसी भी विवाद की सूचना पर थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने वाहन में डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और टियर गैस रखेंगे। मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। पूर्व में विवादित रहे स्थानों का पहले निरीक्षण किया जाएगा। वहां लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने का आग्रह किया जाएगा।

—————————–
इनसेट-
फर्जी सूचना देने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने लोगों से फर्जी सूचना न देने की अपील की है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। होली के मौके पर अक्सर देखा गया है कि लोग अनावश्यक रुप से फर्जी सूचनाएं दे देते हैं। पुलिस के अनुसार होली के मौके पर पिछले साल करीब आधा सैकड़ा फर्जी सूचनाएं मिली थीं। इस बार ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। सर्विलांस से पहचान कर सिम कार्ड ब्लॉक कराया जाएगा।

—————————————
इनसेट-
ला एंड आर्डर बिगाडने वालों पर होगी कार्रवाई
एएसपी महेन्द्र पाल सिंह ने बतया कि होली को लेकर पुलिस की तैयारी पूरी है। ला एंड आर्डर बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। जिले में पर्याप्त पुलिस फोर्स है। होली को लेकर ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। अधिकारी लगातार मानीटरिंग कर रहे हैं। लोगों से संवाद किया जा रहा है। त्योहार शांतिपर्वूक संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *