दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश
– दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
फोटो परिचय- घटनास्थल का निरीक्षण करतीं सीओ व अन्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने एक अंतर्जनपदीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को घायल कर दिया, जबकि एक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25,000 रूपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
बीते दिनों शहर में महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। 08 अप्रैल को हरियापुर निवासी बबीता देवी के साथ चेन छीनने की घटना हुई। 15 अप्रैल को गीता शुक्ला के साथ बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए गिरोह की तलाश तेज कर दी। 18 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मदारीपुर नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बदमाश भागने लगे और पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ईशु रावत उर्फ अनुभव व अंशु कुशवाहा निवासीगण प्रयागराज घायल हो गए। जबकि सौरभ उर्फ करन पटेल निवासी कौशांबी को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार और घायल आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। मोटरसाइकिल से सुनसान इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले क्षेत्र की रेकी करते थे। विरोध करने पर अवैध हथियार दिखाकर डराते थे। इन अपराधियों ने जिले के अलावा प्रयागराज, कौशाम्बी और रायबरेली में भी कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने मौके से तीन देशी तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, दो सोने जैसी पीली धातु की चेन, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मुख्य आरोपी ईशु रावत पर विभिन्न जिलों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम द्वारा किया गया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।