भोजन जन सेवा समिति के कार्यों को सभी ने सराहा, बांटी होली की खुशियां

      वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के बीच बांटी होली की खुशियां
भोजन जन सेवा समिति के कार्यों को सभी ने सराहा
फोटो परिचय-  बुजुर्गों के बीच होली पर्व की खुशियां साझा करते समिति के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– होली का पर्व जहां चारों ओर रंग, उमंग और उल्लास लेकर आता है वहीं वृद्धाश्रम में रह रहे कई बुजुर्गों के जीवन में यह दिन अक्सर अपनों की याद और एकांत का दर्द भी साथ लाता है। जिन हाथों ने कभी अपने परिवार को खुशियों से सजाया, आज वही हाथ अपनों के स्नेहिल स्पर्श की प्रतीक्षा करते दिखाई देते हैं। त्योहारों के अवसर पर यह अकेलापन उनके मन को और अधिक व्यथित कर देता है।
ऐसे संवेदनशील समय में रविवार को विगत वर्षों की भांति होलिकोत्सव पर्व के पूर्व भोजन जन सेवा समिति के सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों के साथ होली मनाई। सभी बुजुर्गों को हैप्पी होली की टोपी लगाई गुलाल लगाकर, होली गीत गाकर, गुजिया, पापड़ और मिठाई वितरित कर उनके जीवन में खुशी के रंग भरने का प्रयास किया। जब बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लौटी और उनकी आँखों में अपनत्व के आँसू छलके, तो वातावरण भावुक हो उठा तत्पश्चात सभी बुजुर्ग व समिति सदस्य होली गीतों पर जमकर थिरके। समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन में सम्मान, समय और स्नेह के रंग भरना ही सच्चे अर्थों में होली मनाना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी बुजुर्गों के साथ हर सुख-दुख में खड़े रहेंगे। इस अवसर पर समिति के नरेश गुप्ता, मनीष केसरवानी, रीता सिंह तोमर, साधना चौरसिया, शिवांशु चौरसिया, अंकिता सिंह, नरेश अग्रहरि, राकेश गुप्ता, रामेन्द्र सिंह, आशीष मिश्रा, सुरेश, बल्लू बाबू श्रीवास्तव आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *