अंबेडकर जयंती पर युवा संवाद की गूंज, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
अंबेडकर जयंती पर युवा संवाद की गूंज, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
अंबेडकर जयंती पर युवा संवाद की गूंज, प्रतिभाओं को मिला सम्मान दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दयानंद वैदिक कॉलेज, रामनगर उरई में प्रेरणादायी युवा संवाद एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गौरी शंकर वर्मा ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे वे अपने जीवन को दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
विचार गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और अपने विचार व्यक्त करते हुए अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान पूरे परिसर में शिक्षा, प्रेरणा और जागरूकता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित अभ्यर्थियों में अनुप गुप्ता (सीएसआईआर), रिया तिवारी (एम्स), श्रद्धा देवी (अग्निवीर), शुभम गुप्ता (एसएससी), मुस्कान रत्नाकर, सिजल सिंह, दीक्षा पांचाल, प्रतीक्षा पांचाल, सोनू पटेल, दीपशिखा एवं रणविजय सिंह सहित अन्य सफल अभ्यर्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन ने युवाओं को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान की।