प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयन्ती राजपूत, राठ विधायक श्रीमती मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुन्तला निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अन्ना पशुओं की समस्या, उर्वरक की उपलब्धता, विकास योजनाओं की प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की गड्ढामुक्ति, राजकीय नलकूपों के संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था, गौशालाओं के संचालन तथा कृषि एवं समाज कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने “हर घर जल” योजना के अंतर्गत सभी घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, गौशालाओं में गौवंशों के समुचित रखरखाव और छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान पर विशेष जोर दिया। साथ ही महिला अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर कड़ी रोक लगाने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। किसानों की सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु राजकीय नलकूपों के नियमित संचालन पर बल दिया गया।
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान प्राथमिकता पर किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमीरपुर जनपद ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए गत माह सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिसके लिए सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक, नगर पालिका चेयरमैन श्री कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक तिवारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।