महंगाई, बेरोजगारी व किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

  महंगाई, बेरोजगारी व किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज– उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक प्रकरण, बिजली दरों में वृद्धि तथा किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा न मिलने जैसे मुद्दों को लेकर सोमवार को राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने कहा कि बुंदेलखंड का जालौन जनपद कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां अधिकांश आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से किसानों एवं आम जनता की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच चुकी हैं, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी पिछले वर्षों की तुलना में काफी बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

पार्टी नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बिजली दरों में लगातार वृद्धि और अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई। समाजवादी पार्टी ने सरकार से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *