मंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन
मंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन
रगौली में प्रभारी मंत्री ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज– जालौन। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम रगौली में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत सचिवालय परिसर में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का फीता काटकर उद्घाटन कर किया। इसके बाद आयोजित जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराया जाए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” सरकार की कार्यशैली का मूल आधार है तथा इसी भावना के साथ जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने गांव का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा एक गरीब परिवार के घर पहुंचकर उनके साथ सहभोज किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना। मंत्री का यह व्यवहार ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इस अवसर पर डॉ. घनश्याम अनुरागी, गौरीशंकर वर्मा, राजेश कुमार पाण्डेय, विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।