प्रशिक्षण व अंतर्राज्यीय भ्रमण हेतु तीस तक करें आवेदन
प्रशिक्षण व अंतर्राज्यीय भ्रमण हेतु तीस तक करें आवेदन
प्रशिक्षण व अंतर्राज्यीय भ्रमण हेतु तीस तक करें आवेदन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मत्स्य विभाग की संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के इच्छुक मत्स्य पालकों और मछुआरों के लिए अच्छी खबर है। सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के अंतर्गत उच्च तकनीकी ज्ञान प्रदान करने, अंतर्राज्यीय भ्रमण, दक्षता विकास तथा सेमिनारों में सहभागिता के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मत्स्य पालकों एवं मछुआरों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की जानकारी देने, उनके कौशल विकास तथा अन्य राज्यों में सफल मत्स्य परियोजनाओं का अध्ययन कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभागीय पोर्टल आमजन के लिए 30 जून तक खुला रहेगा। लाभार्थी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए किसी भी कार्य दिवस में सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, अंबेडकर स्कूल के निकट, सीओ सिटी कार्यालय के पास, रानी कॉलोनी में संपर्क कर सकते हैं। मत्स्य विभाग ने जनपद के अधिक से अधिक मत्स्य पालकों एवं मछुआरों से योजना का लाभ उठाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। ————————————— –
गैर इरादतन हत्या का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगाम थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर की गई, जबकि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के मुताबिक 24 मई को नवाबगंज निजामुद्दीनपुर निवासी प्राची गुप्ता ने थाना हथगांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 23 मई को जमीन के विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों ने उसके पिता कृष्ण कुमार गुप्ता और भाई के साथ बहस, धक्का-मुक्की तथा मारपीट की थी। इस घटना के बाद कृष्ण कुमार गुप्ता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना हथगांव में मुकदमा संख्या 106/2026 के तहत गैर-इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। हथगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सुशील गुप्ता पुत्र जवाहर लाल गुप्ता निवासी नवाबगंज दिवलही थाना हथगांव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। ————————————–
45 उपनिरीक्षकों के तबादले, कई चौकियों की बदली कमान – पुलिस लाइन से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को मिली फील्ड पोस्टिंग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार 45 उपनिरीक्षकों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि पुलिस लाइन में तैनात अधिकारियों को भी फील्ड पोस्टिंग दी गई है।
स्थानांतरण आदेश के तहत निरीक्षक सुरेश चन्द्र को बिंदकी से कोतवाली भेजा गया है। उपनिरीक्षक रीतेश कुमार राय को मुराइन टोला चौकी से वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना हथगाम बनाया गया है, जबकि पुलिस लाइन से अविनाश यादव को मुराइन टोला चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसी क्रम में अंकुश यादव को जरौली चौकी (असोथर) से दपसौरा चौकी (चांदपुर) तथा राकेश चन्द्र शर्मा को दपसौरा चौकी से जरौली चौकी भेजा गया है। गिरीश धर दुबे को जेल रोड चौकी से कस्बा खागा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन से रवि शंकर को आबूनगर चौकी व रवि सिंह को आबूनगर चौकी से साइबर थाना भेजा गया है। राहुल कुमार पाण्डेय को महिचा मंदिर चौकी से बाकरगंज चौकी और वंशीधर राय को बाकरगंज चौकी से महिचा मंदिर चौकी भेजा गया है। सत्य प्रकाश पाठक को अफोई चौकी से लोधीगंज चौकी व राजेन्द्र प्रसाद यादव को लोधीगंज चौकी से अफोई चौकी का प्रभार दिया गया है। ईश्वरचन्द्र को पुरमई चौकी से रेडैया चौकी तथा सुमित नारायण पाण्डेय को रेडैया चौकी से पुरमई चौकी भेजा गया है। रविन्द्र कुमार को थाना सुल्तानपुर घोष से सहेली चौकी (मलवां) तथा रविकांत को कस्बा खागा चौकी से यूपी-112 में तैनाती दी गई है। इसके अलावा अखिलेश प्रसाद को धाता थाना से आलमपुर गेरिया चौकी, दिव्यांश पाण्डेय को आलमपुर गेरिया चौकी से पुलिस लाइन, अखिलेन्द्र प्रताप सिंह को पुलिस लाइन से विजयीपुर चौकी तथा सुमित तिवारी को पुलिस लाइन से चंदापुर नरौली चौकी (किशनपुर) भेजा गया है। वहीं प्रवीण कुमार यादव को चंदापुर नरौली चौकी से क्राइम डिटेक्शन टीम में तैनाती मिली है। रामानुज यादव को यूपी-112 से थाना थरियांव, विनोद सिंह को जयरामनगर चौकी (राधानगर) से शाह चौकी (गाजीपुर), आकाश मिश्र को शाह चौकी से जयरामनगर चौकी तथा अम्बरीश मिश्रा को बहुआ चौकी (ललौली) से हसवा चौकी (थरियांव) भेजा गया है। अन्नू कुमार को हसवा चौकी से बहुआ चौकी का प्रभार दिया गया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंजू यादव को औंग थाना से खजुआ चौकी (बिंदकी), वृजेन्द्र कुमार माथुर को खजुआ चौकी से वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना असोथर, सत्येन्द्र कुमार को थाना राधानगर से सरकंडी चौकी (बिंदकी) तथा नारद भारती को सरकंडी चौकी से थाना खागा भेजा गया है। इसी प्रकार सौरभ सरोज को थाना खागा से देवमई चौकी (बकेवर), अजीत सिंह को पुलिस लाइन से थाना कल्याणपुर, दिग्विजय सिंह को पुलिस लाइन से थाना खखरेरू, कन्हैया लाल गौतम को पुलिस लाइन से थाना थरियांव, महेन्द्र कुमार को पुलिस लाइन से थाना बिंदकी तथा सत्यदेव गौतम को पुलिस लाइन से वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनाया गया है। वहीं राजकमल यादव को वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली से कोतवाली, राजबहादुर यादव को पुलिस लाइन से थाना खागा, हजारी लाल यादव को थाना खागा से यूपी-112, चन्द्रपाल सिंह को थाना किशनपुर से यूपी-112, अवधेश चन्द्र शुक्ल को थाना ललौली से यूपी-112, प्रीती देवी को पुलिस लाइन से एंटी रोमियो/मिशन शक्ति केंद्र मुख्यालय, उत्तम आर्या को थाना चांदपुर से थाना मलवां तथा जगत सिंह कुशवाहा को थाना गाजीपुर से पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। —————————————- –
डेयरियों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, छह नमूने भरे – जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे सैंपल, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को जिले की दो डेयरियों पर छापेमारी कर छह नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय बीएस कुशवाहा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने राधानगर स्थित पुष्पराज डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से दूध, पनीर, खोया तथा एक संदिग्ध अपमिश्रक पदार्थ का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने मसवानी स्थित वाहिद डेयरी पहुंचकर संचालक सलमान से पनीर और घी का एक-एक नमूना संग्रहित किया। अभियान के दौरान कुल छह नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालकों को स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। छापेमारी टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय बीएस कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, दिनेश चन्द्र, देवेश कुमार मिश्रा एवं सिद्धार्थ कुमार शामिल रहे। —————————————- –
गंगा में डूबकर युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अर्न्तगत बुधवार की दोपहर गंगा में स्नान करते समय 35 वर्षीय युवक डूब गया। कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम को गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार के थरियांव थाना क्षेत्र के सरांय सोहन सलेमपुर गांव निवासी ननका का पुत्र नीरज रिश्तेदारी में सुल्तानपुर घोष गया था। बताते हैं कि बुधवार की दोपहर गांव के समीप स्थित गंगा नदी में नहाने चला गया। तभी वह गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। उधर इसकी जानकारी जब रिश्तेदारो को हुयी तो उन्होने पुलिस को सूचना देते हुए मौके पर पहुंच गये। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————
इन्वर्टर में उतर रहे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के एकौरा गांव में गुरुवार सुबह करंट की चपेट में आकर संविदा कर्मी चपरासी की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार एकौरा गांव निवासी महेंद्र सिंह उर्फ अनूप सिंह (28) क्षेत्र के ही चौधरी शिव सहाय सिंह इंटर कालेज जयरामपुर गुरगौला में चपरासी के रुप में कार्यरत था। गुरुवार की सुबह वह अपने घर की दूसरी मंजिल में कपड़ा सुखवाने के लिए लगाईं गई तार को टाइट कर रहा था। इसी दौरान घर में लगे इन्वर्टर का करंट तार पर दौड़ने लगा। जिससे अनूप सिंह करंट की चपेट में आ गया। बेटे को करंट लगता देख पास में मौजूद मां मिथलेश देवी उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ी। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गई। थोड़ी देर बाद शोर शराबा सुन मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। थोड़ी देर बाद परिजन आनन फानन में निजी वाहन से महेंद्र सिंह को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां पर तैनात चिकित्सको ने महेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र की मौत की खबर सुन परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं करंट की चपेट में आई मां को पास में ही स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। वहीं महेंद्र की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थोड़ी देर बाद मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि महेन्द्र विद्यालय में चपरासी की नौकरी कर परिवार का पेट पालता था। मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।