पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबकर मौत, शादी में शामिल होने आए थे सभी
पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबकर मौत, शादी में शामिल होने आए थे सभी
पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबकर मौत, शादी में शामिल होने आए थे सभी
दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन माधौगढ़ (जालौन)। गुरुवार को माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा के निकट स्थित पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के थाना मिहौना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिधौरा निवासी जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (15) और अवनीश यादव (20) सहित 17 युवक 19 जून को होने वाले एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आए थे। गुरुवार को सभी युवक घूमने के लिए गोपालपुरा के पास पहुज नदी पहुंचे और स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम और गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाकर तीनों को नदी से बाहर निकाला। चिकित्सकीय परीक्षण में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
प्रशासन ने मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हुए हादसे का प्रतीत होता है।
प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए गहरे एवं सुनसान स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।