पुलिस से लगाई न्याय की गुहार, जांच के बाद कार्रवाई की बात

   महिला ने पति पर प्रताड़ना व मारपीट का आरोप
पुलिस से लगाई न्याय की गुहार, जांच के बाद कार्रवाई की बात
फोटो परिचय- पीड़ित महिला।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के लोहारपुर गांव की एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और बेसहारा छोड़ देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
लोहारपुर निवासी लालती देवी ने बताया कि कुछ समय पूर्व पति रबीकरन से पारिवारिक विवाद के चलते मामला परिवार परामर्श केंद्र फतेहपुर पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। समझौते के बाद पति उसे अपने साथ हरियाणा ले गया, लेकिन वहां भी आए दिन विवाद और मारपीट का सिलसिला जारी रहा। महिला का आरोप है कि लगातार होने वाले झगड़ों के कारण उसके पति की कंपनी की नौकरी भी चली गई। पीड़िता का कहना है कि हरियाणा से लौटने के दौरान उसका पति उसे खागा रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चला गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, खखरेरू थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पति से भी बातचीत की गई है। उसके अनुसार वह पत्नी को खागा में दर्शन कराने के लिए छोड़कर गया था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *