आईटीआई प्रवेश का अंतिम मौका, सात तक करें आवेदन

आईटीआई प्रवेश का अंतिम मौका, सात तक करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश लेने के इच्छुक युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। जिले के राजकीय एवं निजी आईटीआई के साथ-साथ टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से संचालित दीर्घकालीन व्यवसायों में प्रशिक्षण सत्र-2026 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी सात अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि अभ्यर्थी पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया चार अगस्त से शुरू हो चुकी है और सात अगस्त की रात्रि तक जारी रहेगी। आवेदन पत्र भरने के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो उसे सुधारने के लिए 48 घंटे का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन से संबंधित विस्तृत विवरण, दिशा-निर्देश और ई-फॉर्म वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी आवश्यकतानुसार विवरणी को डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रवेश पंजीकरण शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये, जबकि सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रधानाचार्य ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्रशिक्षण सत्र-2026 में प्रवेश का अवसर हाथ से न निकलने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *