खरीदार पर धोखाधड़ी का आरोप, बैनामा कराने के बाद भुगतान को लेकर विवाद

   चालीस लाख में प्लॉट बेचा, न रकम मिली न चेक हुए पास
खरीदार पर धोखाधड़ी का आरोप, बैनामा कराने के बाद भुगतान को लेकर विवाद
– पीड़ित भाइयों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय- एसपी को शिकायती पत्र देने जाते पीड़ित।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के चौक स्टेशन रोड स्थित 33 वर्ग मीटर जमीन के 40 लाख रुपये में हुए बैनामे के बाद भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विक्रेता भाइयों ने खरीदार पर कथित रूप से 25 लाख रुपये नकद न देने, 15 लाख रुपये के चेक में गड़बड़ी करने और रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी खरीदार समेत उसके भाई, सहयोगियों व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला जोशियाना निवासी शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा व पियूष कुमार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने चौक स्टेशन रोड स्थित अपनी हिस्सेदारी की 33 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा 9 फरवरी 2024 को सुहैल अहमद निवासी पीरनपुर के पक्ष में किया था। जमीन की कुल कीमत 40 लाख रुपये तय हुई थी। आरोप है कि बैनामे के समय आपसी सहमति के अनुसार 25 लाख रुपये नकद और शेष 15 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए जाने थे, लेकिन 25 लाख रुपये की नकद धनराशि उन्हें आज तक नहीं मिली। खरीदार ने 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए तीन चेक दिए। इनमें पांच-पांच लाख रुपये के चेक शामिल थे। विक्रेताओं ने इन चेकों को अपने बैंक खाते में जमा किया तो एक चेक 13 मार्च 2024 को खरीदार के खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया, जबकि अन्य दो चेकों की तारीख में त्रुटि होने के चलते बैंक ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। पीड़ित भाइयों का आरोप है कि चेक संबंधी खामी और भुगतान की स्थिति से खरीदार को अवगत कराने के बावजूद वह लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी 40 लाख रुपये की पूरी धनराशि का भुगतान न होने से उन्हें कथित धोखाधड़ी की आशंका हुई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जमीन का बैनामा कराने के बाद भुगतान से बचने के लिए जानबूझकर ऐसा किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब दोनों भाई अपनी रकम मांगने खरीदार के पास जाते हैं तो वह अपने भाई अब्दुल समद, अफजाल, नौकर अकील और दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देता है। इससे पीड़ितों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर खरीदार सुहैल अहमद समेत नामजद लोगों और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *