स्वाइन फ्लू से बचाव को जिला कारागार में बांटे मास्क,बचाव के बताए उपाय
स्वाइन फ्लू से बचाव को जिला कारागार में बांटे मास्क,बचाव के बताए उपाय
स्वाइन फ्लू से बचाव को जिला कारागार में बांटे मास्क
– बदलते मौसम में संक्रमण से बचाव के बताए उपाय
फोटो परिचय- कांशीराम कालोनी में मास्क वितरित करते रेडक्रास चेयरमैन।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बदलते मौसम और वातावरण में बढ़ती उमस के बीच स्वाइन फ्लू सहित मौसमी संक्रमण से बचाव को लेकर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी की ओर से बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला कारागार व कांशीराम कालोनी में अभियान चलाकर लोगों को संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जिला कारागार में बंदियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 1000 मास्क उपलब्ध कराए गए, जबकि कांशीराम कालोनी में 100 मास्क वितरित किए गए। जिला कारागार में डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने जेल अधीक्षक नागेश सिंह को मास्क सौंपे। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और वातावरण में उमस बढ़ने के कारण इन दिनों जुकाम, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं आम तौर पर देखने को मिलती हैं। हालांकि, यदि इस तरह के लक्षण लगातार बने रहें तो इन्हें नजरंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये फ्लू के लक्षण भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एच1 एन1 वायरस के संक्रमण से होता है। संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करने, नियमित रूप से हाथ धोने तथा खांसी, सर्दी-जुकाम या छींक आने पर मुंह को रुमाल अथवा अन्य साफ कपड़े से ढकने की सलाह दी गई। कांशीराम कालोनी में भी टीम ने लोगों को स्वाइन फ्लू एवं मौसमी संक्रमण से बचाव के उपाय बताए और मास्क वितरित किए। इस अवसर पर प्रवीण सिंह, उप जेलर पवन कुमार, शांति देवी सहित प्रबंध समिति के सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव व अन्य सहयोगी मौजूद रहे।