एक लाख की किश्त का दबाव या कर्ज का खौफ?
– किसान ने नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के रणमस्तपुर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 51 वर्षीय किसान का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार रणमस्तपुर गांव निवासी स्वर्गीय बच्छराज का 51 वर्षीय पुत्र बड़ेलाल बुधवार शाम घर से निकला था। इसके बाद वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रामरतन के खेत पहुंचा और वहां नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो खेत में उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि बड़ेलाल ने लोन पर गाड़ी खरीदी थी। उसकी करीब एक लाख रुपये की किश्त बाकी थी। आरोप है कि लोन की किश्त जमा कराने को लेकर एजेंट लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। परिजनों का कहना है कि किश्त चुकाने को लेकर वह पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था। इसी दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बैंक और लोन एजेंसी की ओर से लगातार वसूली का दबाव बनाए जाने से बड़ेलाल परेशान था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और परिजनों के बयानों के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बड़ेलाल की मौत के बाद ग्रामीणों के बीच यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर कर्ज की वसूली का दबाव किस हद तक जायज है।
————————————-
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम महाखेड़ा मजरे कौंडर में बुधवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 38 वर्षीय बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के थाना तिंदवारी गांव बड़ी लोहारी निवासी स्व0 रामनरेश सिंह का पुत्र रणधीर सिंह कानपुर की गत्ता फैक्ट्री में काम करता था। बताते हैं कि बुधवार की रात लगभग दस बजे बाइक से गांव वापस आ रहा था। जैसे ही वह महाखेड़ा मजरे कौंडर गांव के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित भाग जाने में सफल रहा। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुुची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————-



