महीनों से गायब लाइनमैन पर विभाग सख्त, अंतिम चेतावनी जारी

  महीनों से गायब लाइनमैन पर विभाग सख्त, अंतिम चेतावनी जारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। विद्युत वितरण खंड युवराज नगर खागा में तैनात निलंबित टीजी-2 कर्मी ओम प्रकाश मौर्य के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम चेतावनी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय में ड्यूटी पर उपस्थित होकर योगदान आख्या प्रस्तुत नहीं करने पर उनकी सेवा समाप्त करने की संस्तुति की जाएगी।
अधिशासी अभियंता महावीर सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ओम प्रकाश मौर्य (सैप आईडी 17804593) को 26 दिसंबर 2025 को बहाल करते हुए उपखंड अधिकारी असोथर से संबद्ध किया गया था। इसके बावजूद मौर्य ने अब तक विभाग में योगदान आख्या प्रस्तुत नहीं की और 10 सितंबर तक बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौर्य को अंतिम अवसर दिया है। उन्हें विज्ञप्ति प्रकाशित होने के दो कार्य दिवस के भीतर उपखंड अधिकारी असोथर से प्रमाणित योगदान आख्या के साथ खंडीय कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में वह कार्यालय में उपस्थित होकर योगदान आख्या प्रस्तुत नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध सेवा समाप्त करने की संस्तुति कर दी जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे कर्मचारी पर अब नौकरी जाने का खतरा मंडरा रहा है।
—————————————- 

पत्नी को लेने पहुंचे पति ने बुलाए लोग, परिवार पर हमला
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के काशीदासपुर टिकरी गांव में पत्नी ताजमीन को घर ले जाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुफरान निवासी रहमतपुर खखरेरू अपनी पत्नी को मायके छोड़ने के बाद वापस अल्लीपुर भादर चला गया और फोन कर उसे घर लौटने के लिए कहने लगा। पत्नी के मना करने पर कथित रूप से उसने अपने गांव रहमतपुर खखरेरू से एक बोलेरो कार में करीब सात लोगों को बुलाया। आरोप है कि सभी लोग पत्थर, डंडे व धारदार हथियार लेकर पहुंचे और घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में जाबिर अली (60) के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है, जबकि मकसूद (50) का सिर फटने और पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। नौशाद (40) का हाथ बुरी तरह जख्मी हुआ। बचाव में पहुंचे इरशाद (50) को भी सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में ही थे कि सूचना पर थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह पुलिस टीम की सक्रियता से आरोपी भागने में असफल रहे और घायलों को उपचार के लिए हथगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। बताया जा रहा है कि महिला का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *