राज्यमंत्री ने आदर्श शिक्षक आनन्द का किया अभिनंदन
– नवाचारी शिक्षा, लेखन व समाजसेवा में योगदान को सराहा
फोटो परिचय- आदर्श शिक्षक आनन्द कुमार मिश्र को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित करतीं राज्यमंत्री। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले आदर्श शिक्षक आनंद कुमार मिश्र को नगर स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित समारोह में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने सम्मानित किया। उन्होंने श्री मिश्र के शैक्षिक योगदान, नवाचारों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्यों की सराहा।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि आनंद कुमार मिश्र ने नवाचारी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। एक शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि श्री मिश्र का योगदान केवल शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि एक लेखक, विचारक और समाजसेवी के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके इन प्रयासों से समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त कर आनंद कुमार मिश्र ने न केवल उनकी विधानसभा बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है।
राज्यमंत्री ने आनंद कुमार मिश्र का मुँह मीठा कराते हुए उन्हें अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भी श्री मिश्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में भाजपा की जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्री अपर्णा सिंह गौतम, भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह गौतम, जिला मंत्री विमलेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष बृजेश सिंह, धर्मेन्द्र सिंह परिहार तथा हिमांशु त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने भी आनंद कुमार मिश्र को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।