डीएम-एसपी ने पीईटी केंद्रों का किया सघन निरीक्षण
– सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश प्रक्रिया व सुरक्षा व्यवस्था परखी
फोटो परिचय- पीईटी परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह सतर्क है। रविवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षार्थियों के प्रवेश और तलाशी प्रक्रिया सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों व ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाए। केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या अनावश्यक भीड़ को एकत्र न होने दिया जाए। उन्होंने यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश भी दिए, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।