भ्रष्टाचार व कुप्रशासन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की दी जानकारी

  भ्रष्टाचार व कुप्रशासन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की दी जानकारी
– लोकायुक्त समिति ने समझाई शिकायत की प्रक्रिया
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेती लोकायुक्त समिति।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। भ्रष्टाचार व कुप्रशासन के खिलाफ आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सतर्कता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सरकार की लोकायुक्त समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनपद के लिए नामित समिति के सदस्य मनीष श्रीवास्तव, अनुसचिव व रघुराज, पुलिस उपाधीक्षक एवं अन्वेषण अधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की जानकारी दी।

समिति के सदस्यों ने लोकायुक्त एवं उपलोकायुक्त अधिनियम-1975 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में भ्रष्टाचार या कुप्रशासन की शिकायत किस प्रकार की जा सकती है। उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों और निर्धारित नियमों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही बताया कि लोकायुक्त में शिकायत नियमावली के अनुसार तीन प्रतियों में प्रस्तुत की जाती है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि सतर्कता सप्ताह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा से समृद्धि के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना व भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए लोगों को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ने से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचेगा और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम प्रशासक एवं अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *