डीएम व एसपी ने पटाखा मंडियों का निरीक्षण कर देखी सुरक्षा, व्यवस्था जांची
डीएम व एसपी ने पटाखा मंडियों का निरीक्षण कर देखी सुरक्षा, व्यवस्था जांची
डीएम व एसपी ने पटाखा मंडियों का निरीक्षण कर देखी सुरक्षा
– अग्निशमन उपकरणों से लेकर पानी की व्यवस्था तक जांची
– नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी
फोटो परिचय- पटाखा मंडी का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दीपावली पर्व पर पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के विभिन्न पटाखा बिक्री स्थलों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
अधिकारियों ने महात्मा गांधी पीजी कॉलेज, मोदी ग्राउंड राधानगर व बिंदकी में पल्लवी रिजॉर्ट के सामने स्थापित पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी क्रियाशीलता, आग बुझाने के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति से निपटने के इंतजाम तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। डीएम व एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण व पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि पटाखों का भंडारण व बिक्री निर्धारित नियमों तथा लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही होनी चाहिए। सुरक्षा इंतजामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पटाखा बिक्री स्थलों पर नियमित निगरानी रखने और सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।