लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं और किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकती है। प्रदेश सरकार लगभग 15 दिसंबर के आसपास विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में चालू वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। इसका आकार 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
वित्त विभाग ने दूसरे अनुपूरक बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगे जाएंगे। बजट में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए नई योजना और किसानों के लिए राहत पैकेज का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए भी अतिरिक्त धनराशि आवंटित की जा सकती है।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मिल सकती है एकमुश्त धनराशि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज लाने के संकेत दिए थे। उन्होंने महिलाओं से इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहने और यह तय करने को कहा था कि वे कौन-सा काम शुरू करना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एकमुश्त धनराशि उपलब्ध कराने की योजना बना सकती है। इससे महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
किसानों के लिए राहत पैकेज लाने की तैयारी
दूसरे अनुपूरक बजट में किसानों के लिए भी विशेष राहत पैकेज शामिल किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को राहत देने के लिए पैकेज लाने के संकेत दिए थे।
हालांकि, इस पैकेज का स्वरूप और इसके तहत मिलने वाली सुविधाओं को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। बजट में किसानों से जुड़ी योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जा सकता है।
विकास परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मिलेगा अतिरिक्त बजट
सरकार प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर भी ध्यान दे रही है। इसके लिए विभिन्न विभागों की ओर से अतिरिक्त बजट की मांग की जाएगी। वित्त विभाग इन प्रस्तावों की समीक्षा कर अनुपूरक बजट में आवश्यक धनराशि का प्रावधान करेगा।
10 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगा बजट का आकार
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट पेश किया था। इसके बाद सरकार 59 हजार करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट भी पेश कर चुकी है।
अब दूसरा अनुपूरक बजट पेश होने के बाद प्रदेश के कुल वार्षिक बजट का आकार 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के शीतकालीन सत्र में 8,479.53 करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया था। इस बार प्रस्तावित बजट में महिलाओं, किसानों और विकास योजनाओं पर विशेष ध्यान रहने की संभावना है।
