लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है। इसके माध्यम से शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के संचालन की मिलेगी जानकारी
मार्गदर्शिका के तहत शिक्षकों को विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल उपकरणों की पहचान, संचालन और रखरखाव की जानकारी दी जाएगी। इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरण शामिल हैं।
शिक्षकों को यह भी बताया जाएगा कि डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल करके कक्षा में पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है।
दीक्षा और खान एकेडमी से पढ़ाई होगी आसान
प्रशिक्षण में शिक्षकों को लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस), दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल शैक्षणिक मंचों के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
दीक्षा पोर्टल पर कक्षा एक से आठ तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक किताबों में दिए गए क्यूआर कोड स्कैन करके संबंधित वीडियो और गतिविधियों को स्मार्ट क्लास में दिखा सकेंगे।
प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पहले से डाउनलोड की गई सामग्री, ऑफलाइन संसाधनों और पेन ड्राइव की मदद से भी पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी।
डिजिटल लाइब्रेरी में 5 हजार से अधिक ई-पुस्तकें
विद्यालयों की डिजिटल लाइब्रेरी में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकों के साथ समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं के इलेक्ट्रॉनिक संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा उपलब्ध है।
इसके एकेडमिक मोड के माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन कर सकेंगे। जिन बच्चों को किसी विषय या पाठ को समझने में परेशानी होगी, उनके लिए विशेष रेमेडियल सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बच्चों की प्रगति की होगी डिजिटल निगरानी
शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों का आकलन कर सकेंगे। इसके परिणाम निपुण प्लस ऐप पर दर्ज किए जाएंगे।
मार्गदर्शिका में निर्देश दिया गया है कि यदि किसी प्रश्न का उत्तर आधे से अधिक बच्चे गलत देते हैं, तो शिक्षक अगले कालांश में उस विषय या अवधारणा को दोबारा समझाएंगे।
खान एकेडमी और एलएमएस की रिपोर्ट के माध्यम से बच्चों के अभ्यास और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर भी नजर रखी जा सकेगी।
AI से तैयार कर सकेंगे पाठ योजना और प्रश्नपत्र
शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसकी मदद से शिक्षक पाठ योजना, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की शैक्षणिक गतिविधियां तैयार कर सकेंगे।
हालांकि, एआई से तैयार सामग्री की तथ्यात्मक शुद्धता और पाठ्यक्रम के अनुरूप होने की जांच शिक्षकों को स्वयं करनी होगी। विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड और अन्य व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी किसी भी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीकी खराबी आने पर शिकायत का मिलेगा विकल्प
डिजिटल उपकरणों में खराबी आने पर शिक्षकों को शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर और प्रेरणा पोर्टल के शिकायत मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक मंचों, विद्यार्थियों के आकलन, प्रगति की निगरानी और एआई के जिम्मेदार उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे डिजिटल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
