साप्ताहिक परेड में एसपी ने परखा पुलिस कर्मियों का दमखम

   साप्ताहिक परेड में एसपी ने परखा पुलिस कर्मियों का दमखम
– अर्दली रूम में रजिस्टरों का भी किया निरीक्षण
फोटो परिचय- निरीक्षण के दौरान डॉग स्कायड को देखते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन व कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक शुक्रवार को पुलिस लाइन में एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी लेने के बाद पुलिस कर्मियों की टोलीवार ड्रिल व शारीरिक दक्षता का निरीक्षण किया। साथ ही अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, यातायात शाखा और पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। एसपी ने पुलिस कर्मियों को दौड़ कराकर उनकी शारीरिक क्षमता और फिटनेस का जायजा लिया। उन्होंने टोलीवार ड्रिल को और प्रभावी बनाने तथा परेड में बेहतर अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा व पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। वहीं साप्ताहिक अर्दली रूम के दौरान विभिन्न रजिस्टरों की जांच की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *