बाल विवाह व बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता की अलख – छात्र-छात्राओं को बताए पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधान
फोटो परिचय- कार्यक्रम को संबोधित करते बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बाल विवाह, बाल श्रम व बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हुसैनगंज स्थित पीसीपी इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेहरू युवा संगठन टीसी, फावा, वात्सल्य एवं ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान फतेहपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून और बच्चों को यौन उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू एवं रामकृष्ण पांडेय ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक राजप्रिय पांडेय ने छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी प्रकार की परेशानी या शोषण की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान बाल विवाह विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इन्द्रपाल, समस्त शिक्षकगण, ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार एवं सुधांशु सहित अन्य लोग मौजूद रहे।