डीएम ने विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथों का किया निरीक्षण
डीएम ने विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची से कोई पात्र न छूटे, सत्यापन में बरतें संवेदनशीलता: डीएम
– डीएम ने विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथों का किया निरीक्षण
– बीएलओ को ऑफलाइन आवेदनों की तत्काल ऑनलाइन फीडिंग के दिए निर्देश
फोटो परिचय- बूथों का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आगामी चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिरहित व समावेशी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए। इसके लिए अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। यह निर्देश जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को विशेष अभियान के दौरान बूथों के औचक निरीक्षण के समय दिए।
जिलाधिकारी ने शुकदेव इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 45 से 49 व जनहितकारी इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 25 से 29 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से अब तक किए गए मतदाता सत्यापन, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं की स्थिति और मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए प्राप्त फार्म-6 की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर सत्यापन के दौरान प्रत्येक परिवार की स्थिति का सही विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समय से ऑनलाइन फीड कराया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने में देरी न हो। डीएम ने उपजिलाधिकारी खागा को निर्देशित किया कि वार्ड सदस्यों, कोटेदारों एवं अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पात्र मतदाताओं की पहचान कराएं और उनके आवेदन भरवाकर सूची में नाम शामिल कराएं।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल व स्वच्छ शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी और सुपरवाइजरों के माध्यम से क्रॉस चेकिंग कराने को कहा, जिससे सत्यापन में किसी प्रकार की लापरवाही न होने पाए। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों का सहयोग लेकर छूटे हुए पात्र नागरिकों को चिह्नित करने पर जोर दिया।
सभी पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी 22 और 28 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जनपद के सभी 2318 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 एवं 8 और मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, ताकि नागरिक नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा नियमानुसार नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूरे किए जाएं, जिससे जनपद की मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बन सके। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी खागा, तहसीलदार खागा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।