दो बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया, चालक गिरफ्तार
दो बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया, चालक गिरफ्तार
काल बनकर आए ट्रक ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी की मौत
– दो बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया, चालक गिरफ्तार
फोटो परिचय- (10) मृतक दंपती की फाइल फोटो। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। परिवार में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां थीं। पति-पत्नी रिश्तेदारी में तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। शाह कस्बे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि दंपति सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां देखते ही देखते मातम छा गया।
मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के मजरे धर्मपुर निवासी मुरली मनोहर चौहान (50) शनिवार शाम करीब छह बजे अपनी पत्नी हीरावती के साथ बाइक से महमदपुर गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोनों बांदा-टाटा मार्ग पर शाह कस्बे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों संभलने का मौका तक नहीं पा सके और ट्रक की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी सौरभ पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, माता-पिता की एक साथ मौत से पुत्र सनी सिंह व राहुल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तिलक समारोह में शामिल होने की तैयारी कर रहे परिजनों को जब हादसे की खबर मिली तो खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। दंपति की मौत से धर्मपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।