तिरुपति रथ के आगमन से होगा हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का भव्य शुभारंभ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज कानपुर– हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, कानपुर को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित कार्यकर्ता बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए उनमें सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति नवीन ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सेवा के विविध आयामों को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसकी सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सामूहिक भावना के साथ निभानी होगी। साथ ही साथ उन्होंने मेले का प्रमुख आकर्षण की जानकारी दी कि तिरुपति देवस्थान से भगवान तिरुपति जी का पावन रथ चलकर कानपुर पहुंचेगा और इसी रथ के आगमन के साथ हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का भव्य शुभारंभ होगा। भगवान तिरुपति जी के रथ का आगमन मेले के आध्यात्मिक एवं धार्मिक आकर्षण को विशेष गरिमा प्रदान करेगा। इस अवसर को भव्य और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


