बुंदेलखंड के किसानों को बड़ी सौगात: 22.32 करोड़ की महोई पंप नहर परियोजना शुरू, तीन गांवों के 625 किसानों को मिलेगा लाभ
425 हेक्टेयर असिंचित भूमि तक पहुंचेगा पानी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया परियोजना का लोकार्पण
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। बुंदेलखंड में खेती को बारिश की अनिश्चितता से राहत दिलाने और सिंचाई संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माधौगढ़ तहसील के ग्राम महोई में पहूज नदी के बाएं तट पर निर्मित महोई पंप नहर परियोजना का बुधवार, 25 नवंबर को प्रदेश के जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोकार्पण किया। करीब 22 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से महोई, महोबा और करमरा गांवों के 625 किसानों को लाभ मिलेगा।

परियोजना के माध्यम से तीनों गांवों की कुल 425 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक इस क्षेत्र की प्रस्तावित भूमि में केवल 56 हेक्टेयर ही सिंचित हो पा रही थी। परियोजना शुरू होने से शेष कृषि भूमि तक भी पानी पहुंचाने का रास्ता खुल गया है। लोकार्पण समारोह में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसानों के खेतों तक समय से पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सिंचाई व्यवस्था का सुदृढ़ होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में लंबे समय तक किसानों को वर्षा पर निर्भर रहना पड़ा है, लेकिन अब नहरों और पंप नहर परियोजनाओं के विस्तार के जरिए इस समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आठ किलोमीटर की पाइपलाइन से पहुंचेगा खेतों तक पानी

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अंतर्गत डाली नहर खंड, झांसी द्वारा निर्मित इस परियोजना की कुल लागत 22 करोड़ 32 लाख 53 हजार रुपये है। पंप नहर की क्षमता 10 क्यूसेक निर्धारित की गई है। इसमें दो पंप सेट लगाए गए हैं, जिनमें एक नियमित संचालन के लिए और दूसरा स्टैंडबाई के रूप में रखा गया है। परियोजना में आठ किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली, लगभग आठ किलोमीटर पाइपलाइन और 25 कुलाबों का निर्माण कराया गया है। वहीं, परियोजना का कुल हेड 46 मीटर है। इन तकनीकी व्यवस्थाओं के माध्यम से तीनों गांवों के अलग-अलग कृषि क्षेत्रों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने और केवल बारिश के भरोसे रहने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कृषि उत्पादन बढ़ने की जगी उम्मीद


