ओवरलोडिंग बनी जानलेवा बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, हंगामा

    आटा-इटौरा मार्ग पर ओवरलोडिंग बनी जानलेवा, बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत; ग्रामीणों का हंगामा

जून में भारी वाहनों पर रोक की उठी थी मांग, नवंबर में घंटों जाम के बाद अब सड़क हादसे में गई जान; आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार अधिकारी?

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। आटा-इटौरा मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। सुरहती गांव के पास बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार ज्ञानेंद्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, वहीं युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर ईंट-पत्थर डालकर आवागमन बाधित कर दिया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सड़क पर बैठ गए तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम कालपी, सीओ कालपी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

पहले भी उठ चुका है भारी वाहनों का मुद्दा

आटा-इटौरा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। जून माह में इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और हाइट गेज लगाए जाने की खबर सामने आई थी। इसके बावजूद भारी वाहनों का संचालन जारी रहना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नवंबर में इसी मार्ग पर करीब सात घंटे तक जाम की स्थिति बनने के बाद अब एक युवक की जान चली गई।

हादसे के बाद उठे कई गंभीर सवाल

प्रतिबंध और हाइट गेज की व्यवस्था के बावजूद भारी वाहन मार्ग पर कैसे पहुंच रहे हैं? बालू लदे ट्रकों की ओवरलोडिंग पर जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहे? निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षित यातायात के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं? युवक की मौत के मामले में ट्रक चालक और वाहन की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं? यह हादसा महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि मार्ग पर यातायात नियंत्रण और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर कुछ दिनों बाद मामला पुरानी घटनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *