डीएम ने बूथों पर परखी व्यवस्था, युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
डीएम ने बूथों पर परखी व्यवस्था, युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम
– डीएम ने बूथों पर परखी व्यवस्था, युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
फोटो परिचय- बूथ का निरीक्षण करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज — फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, दावे-आपत्तियों और मतदाता सूची में संशोधन की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी स्थित बूथ संख्या 141, 142, 143, 144, 145 एवं 146, राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 37, 38, 39, 40, 41 एवं 42 तथा सरस्वती शिशु मंदिर चौक स्थित बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित व अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम किया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित सभी आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और सजगता के साथ निर्वहन करें तथा घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए जागरूक करें। जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सुधार कराएं। निरीक्षण के दौरान पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य, संबंधित बीएलओ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।