सात नवंबर को होगा विशाल भंडारा,भागवत कथा का भव्य आयोजन

 दुर्गा मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन
– सात नवंबर को होगा विशाल भंडारा
फोटो परिचय-  श्रीमद भागवत कथा के दौरान महाराज का स्वागत करते आयोजक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के रेलवे लाइन पार स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का आध्यात्मिक व भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कथा 31 अक्टूबर से शुरू हुई है, जो आगामी छह नवंबर तक अनवरत चलेगी। वहीं, इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन सात नवंबर को एक विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन से जुड़े लोगों ने क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर इस भंडारे में शामिल होने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

कथा के दौरान प्रख्यात कथा व्यास श्याम विहारी मिश्र अपने ओजस्वी व मधुर वचनों से भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का बहुत ही सजीव और सुंदर वर्णन कर रहे हैं, जिसे सुनकर श्रवण करने वाले सभी भक्तगण मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन के मुख्य आयोजक अभय प्रताप सिंह हैं जिनके मार्गदर्शन में यह अनुष्ठान संपन्न हो रहा है। वहीं अयाह निवासी राज बहादुर सिंह उर्फ बरकत सिंह और रामा देवी इस पावन कथा के मुख्य यजमान के रूप में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं। भागवत कथा के पावन अवसर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और कथा का रसपान कर रहे हैं। इस दौरान पक्का तालाब हनुमान मंदिर के श्रीश्री 1008 रामनारायण दास त्यागी जी महाराज और दुर्गा मंदिर के महंत दीपेश्वर महाराज का विशेष सानिध्य प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में ज्ञानेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुशील सिंह, रोहित सिंह, अनिल बाबा समेत पूरा भदौरिया परिवार और शहर के तमाम गणमान्य भक्तगण उपस्थित रहकर धर्मलाभ उठा रहे हैं। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय और ऊर्जावान बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *