2027 के चुनाव में सभी मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे: जगदीश

  2027 के चुनाव में सभी मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे: जगदीश
– भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सहप्रभारी का संगठनात्मक प्रवास
– पदाधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक के साथ की मैराथन बैठकें
फोटो परिचय-  बैठक में भाग लेते राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सहप्रभारी साथ में जिलाध्यक्ष।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी जगदीश भाई पटेल ने सोमवार को जिले में संगठनात्मक प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व संघ परिवार के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की मजबूती पर मंथन किया। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।

बांदा की ओर से दतौली यमुना पुल पार कर जनपद पहुंचे जगदीश भाई पटेल का जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रात्रि विश्राम के बाद सोमवार की सुबह से बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले संघ परिवार के प्रचारकों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। इसके बाद जेल रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, मोर्चों के जिलाध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों व पार्टी की मजबूती को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

राष्ट्रीय मंत्री ने सभी पदाधिकारियों को संगठन के विस्तार और जनसंपर्क बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी। बैठकों के अगले क्रम में पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व क्षेत्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक अनुभवों और भावी रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद वर्तमान एवं पूर्व विधायकों के साथ जिले के राजनीतिक परिदृश्य पर मंथन किया गया। वहीं नगर निकाय अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत सदस्यों के साथ भी बैठक कर संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित समाधिया, जिला प्रभारी राहुल अग्निहोत्री, राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, विधायक राजेंद्र पटेल, विकास गुप्ता, पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता, रणवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, विक्रम सिंह, आदित्य पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, प्रमोद द्विवेदी, आशीष मिश्रा, मुखलाल पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *