मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप के मामले में जंगल से दबोचा आरोपी

   भूत से पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैर में लगी गोली
मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप के मामले में जंगल से दबोचा आरोपी
फोटो परिचय-  घायल भूत को लेकर जाती पुलिस।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के सामने युवती से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी बबलू सिंह उर्फ भूत को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि चर्चित गैंगरेप कांड के बाद से पूरे जिले में भारी आक्रोश था और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार पुलिस पर दबाव बढ़ रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 06/07 मई की रात सूचना मिली थी कि खागा प्रकरण का एक लाख रुपये का इनामी अभियुक्त बबलू सिंह उर्फ भूत खागा क्षेत्र स्थित ससुर खदेरी नदी के किनारे जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना खागा, हथगांव, थरियांव पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने अपने अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक बबलू सिंह पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।


इनसेट-
जिले को झकझोर देने वाली थी वारदात
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले खागा कोतवाली क्षेत्र में युवती अपने मंगेतर के साथ मौजूद थी, तभी दबंगों ने दोनों को रोक लिया था। आरोप है कि मंगेतर को बंधक बनाकर युवती के साथ गैंगरेप किया गया। घटना सामने आने के बाद जिलेभर में सनसनी फैल गई थी। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कई टीमों का गठन किया था। लगातार दबिश और तलाश के बावजूद बबलू सिंह पुलिस की पकड़ से बाहर था। इसके बाद उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


इनसेट-
आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
मुठभेड़ में घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *