मतदाता सूची से एक भी पात्र वोटर छूटा तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई: डीएम

     मतदाता सूची से एक भी पात्र वोटर छूटा तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई: डीएम
– विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा में डीएम सख्त
– 28 व 29 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष अभियान
फोटो परिचय-  विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक में भाग लेतीं डीएम व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी। निर्वाचन कार्य में लापरवाही व शिथिलता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सख्त निर्देश जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने सुपरवाइजरवार मतदाता सूची में नए पंजीकरण, दावे-आपत्तियों, स्थानांतरित, अनुपस्थित, नो मैपिंग, सत्यापन और शुद्धिकरण से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अभियान को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत नो मैपिंग, स्थानांतरित व डिलीट किए गए मतदाताओं के मामलों की गंभीरता से जांच की जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। विधानसभा मतदाता सूची का आवश्यकतानुसार क्षेत्र पंचायत और नगर पंचायत की सूचियों से मिलान कर ऐसे पात्र लोगों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, कोटेदार, रनर प्रधान, पूर्व प्रधान और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की जाए। इन बैठकों में आलेख्य मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने की जानकारी समय रहते मिल सके। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना है।

डीएम ने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बीएलओ की प्रतिदिन की रिपोर्ट का अवलोकन करें। बीएलओ के रजिस्टर में स्थानांतरित, नो मैपिंग और मतदाता सूची से मिलान के बाद सामने आए छूटे मतदाताओं के संबंध में की गई कार्रवाई का कारण सहित स्पष्ट उल्लेख कराया जाए। मतदाता सूची में जेंडर रेशियो और 18 वर्ष से अधिक आयु के नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने बूथवार मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मकान संख्या, डुप्लीकेसी, फोटो और मतदाताओं की उम्र में अंतर जैसी त्रुटियों को चिह्नित कर नियमानुसार सुधार कराया जाए। जिन मतदाताओं की मकान संख्या संख्यात्मक नहीं है, उसे सही कराया जाए। वहीं सूची में फोटो स्पष्ट नहीं होने पर नियमानुसार बदलाव की कार्रवाई की जाए। उन्होंने एआरओ और एईआरओ को अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 28 एवं 29 नवंबर को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण करेंगे। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एआरओ, एईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *