सात हजार मातृशक्ति के जयघोष से गूंजा फतेहपुर,निकली भव्य कलश यात्रा
सात हजार मातृशक्ति के जयघोष से गूंजा फतेहपुर,निकली भव्य कलश यात्रा
सात हजार मातृशक्ति के जयघोष से गूंजा फतेहपुर
– पीले परिधानों में निकली भव्य कलश यात्रा
फोटो परिचय- कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। भक्ति, श्रद्धा व आस्था का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब समर्थ शिशु श्रीराम कथा के आयोजन की पूर्व संध्या पर शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हजारों की संख्या में पीले परिधानों में सजी मातृशक्ति के कदम जब रामधुन व शंखनाद के बीच आगे बढ़े तो पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वीआईपी रोड से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय प्रांगण से निकली यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन कर समर्थ शिशु श्रीराम कथा के सफल आयोजन का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में सात हजार से अधिक मातृशक्ति एवं गणमान्य लोगों ने पीले वस्त्रों में सहभागिता की। पूरी यात्रा में रामधुन, शंखनाद और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। कलश यात्रा में प्रभु श्रीराम के भव्य रामदरबार व व्यास पीठ की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार के कुशल नेतृत्व में कलश यात्रा का संचालन किया गया। इसमें कथा के मुख्य यजमान अनूप अग्रवाल एवं वैष्णवी अग्रवाल, अखिल भारतीय सह संयोजक एवं विद्या भारती समर्थ शिशु श्रीराम कथा के अखिल भारतीय संयोजक हुकुमचंद भुवन्ता, क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय, विद्या भारती कानपुर प्रांत के संगठन मंत्री रजनीश, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र, विभाग के विभाग प्रचारक शिव शंकर, विभाग कार्यवाह ज्ञानेंद्र, विद्यालय प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव तथा सह प्रबंधक रमाशंकर गुप्त सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समापन पर प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी की आरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।