संदीप व मारूफ की शानदार बल्लेबाजी से सीनियर्स ने खड़ा किया 107 रन का स्कोर
संदीप व मारूफ की शानदार बल्लेबाजी से सीनियर्स ने खड़ा किया 107 रन का स्कोर
सीनियर्स के आगे नहीं टिके जूनियर्स, 18 रन से गंवाया मुकाबला
– संदीप व मारूफ की शानदार बल्लेबाजी से सीनियर्स ने खड़ा किया 107 रन का स्कोर
– आशीष का अर्धशतक भी नहीं दिला सका जीत
फोटो परिचय- मेडल के साथ विजेता टीम। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। स्पोर्ट्स इंडिया क्रिकेट एकेडमी में सीनियर्स व जूनियर्स टीम के बीच खेले गए रोमांचक मैत्री क्रिकेट मुकाबले में सीनियर्स ने अपनी बल्लेबाजी और दमदार खेल के दम पर जूनियर्स को 18 रन से शिकस्त दी। मुकाबले में सीनियर्स की ओर से संदीप जडेजा और मो. मारूफ ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि जूनियर्स के कप्तान आशीष ने संघर्षपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
मुकाबले में जूनियर्स टीम के कप्तान आशीष ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी सीनियर्स टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 107 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान संदीप जडेजा ने पारी की शुरुआत करते हुए महज 10 गेंदों में 28 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद मध्यक्रम में मो. मारूफ ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 गेंदों पर नाबाद 31 रन ठोककर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। जूनियर्स की ओर से असद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। 108 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जूनियर्स टीम की ओर से कप्तान आशीष ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 57 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी ने मुकाबले में रोमांच बनाए रखा, लेकिन दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम निर्धारित 10 ओवर में 89 रन ही बना सकी। इस तरह सीनियर्स ने 18 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले जूनियर्स टीम के कप्तान आशीष को मैन ऑफ द मैच चुना गया। समापन अवसर पर एडवोकेट देवनारायण तिवारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया। संरक्षक के रूप में बसपा के विधानसभा मुस्लिम भाईचारा संयोजक मो. मुस्तफा, मो. फैजान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।