दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम
दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम
दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम
– मिठाई, दूध, खोया, पनीर व खाद्य तेल की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
– मिठाई की ट्रे पर यूज बाई डेट लिखना अनिवार्य
फोटो परिचय- जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक लेतीं डीएम। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बाजारों में सघन जांच अभियान चलाने और मिलावटखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने चालू वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली के दौरान मिठाइयों, दूध, खोया, पनीर और खाद्य तेल की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी रखे और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराए। उन्होंने निर्देश दिए कि खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का निर्माण अथवा बिक्री करने वाले छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर यूज बाई डेट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यूज बाई डेट प्रदर्शित नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी को आबकारी एवं सरकारी राशन की दुकानों के लंबित लाइसेंस और पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश भी दिए। बैठक के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल प्रयोगशाला के माध्यम से पटेल नगर चौराहे से वर्मा चौराहे तक अभियान चलाकर 33 खाद्य नमूनों की मौके पर निःशुल्क जांच की गई। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, व्यापार मंडल के शिवचंद्र शुक्ला, जितेंद्र सिंह सोनू, अनिल सिंह गौतम, अभिनव यादव, कृष्ण कुमार तिवारी, जय किशन, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।