डीएम-एसपी संग पहुंचे एडीजी, सीसीटीवी से लेकर अभ्यर्थियों की तलाशी को देखा
डीएम-एसपी संग पहुंचे एडीजी, सीसीटीवी से लेकर अभ्यर्थियों की तलाशी को देखा
होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर एडीजी का छापा, केंद्रों में खंगाली सुरक्षा व्यवस्था
– डीएम-एसपी संग पहुंचे एडीजी, सीसीटीवी से लेकर अभ्यर्थियों की तलाशी को देखा
फोटो परिचय- परीक्षा केन्द्र का जायजा लेते एडीजी व डीएम-एसपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– होमगार्ड इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर शनिवार को जिले में उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई जब एडीजी ज्योति नारायण ने अचानक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली। निधि गुप्ता वत्स और अभिमन्यु मांगलिक के साथ एडीजी ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों से लेकर अभ्यर्थियों की सघन जांच तक हर बिंदु पर पैनी नजर डाली।
रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचने पर गार्द सलामी लेने के बाद एडीजी का काफिला सीधे परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हुआ। एएस इंटर कॉलेज और श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज समेत विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर उन्होंने प्रवेश द्वार की चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, परीक्षा कक्षों की निगरानी, ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा नकल रोकने के इंतजामों को बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग कराई जा रही है। एडीजी ज्योति नारायण ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित जिम्मेदार सीधे कार्रवाई की जद में आएंगे। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में पूरे दिन प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहा। डीएम और एसपी स्वयं लगातार केंद्रों की मॉनिटरिंग करते रहे, जिससे अभ्यर्थियों में भी परीक्षा की गंभीरता साफ दिखाई दी।