इंटर कॉलेज छात्र प्रदर्शन के बाद हरकत में प्रशासन, डीएम ने गिनाए सुधार कार्य
इंटर कॉलेज छात्र प्रदर्शन के बाद हरकत में प्रशासन, डीएम ने गिनाए सुधार कार्य
सर्वोदय इंटर कॉलेज छात्र प्रदर्शन के बाद हरकत में प्रशासन, डीएम ने गिनाए सुधार कार्य
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में बीते दिनों छात्रों के प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार की प्रक्रिया शुरू करा दी है। मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि छात्रों की ओर से उठाई गई अधिकांश मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं और कई कार्यों पर अमल भी शुरू हो चुका है।गौरतलब है कि बीते दिनों सर्वोदय इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर सड़क पर उतर आए थे।
छात्रों ने आरओ पेयजल व्यवस्था, कक्षाओं में पंखे, बेंच, शौचालयों की साफ-सफाई, खेल मैदान की सफाई और इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान वर्ग शुरू किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि प्रदर्शन के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और संबंधित मजिस्ट्रेट को तत्काल विद्यालय भेजा गया था। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि विद्यालय में आरओ की व्यवस्था, पंखों की उपलब्धता तथा शौचालयों की साफ-सफाई का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। साथ ही विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि जैसे ही विद्यालय प्रबंधन प्रयोगशाला एवं विज्ञान शिक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूरी करेगा, जिला प्रशासन शासन को मान्यता प्रदान करने के लिए प्रस्ताव भेज देगा। वर्तमान में विद्यालय में पूरी तरह शांति का माहौल है। बुधवार को भी एसडीएम और जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां छात्र सामान्य रूप से अध्ययन करते मिले और शिक्षण कार्य सुचारु रूप से चलता पाया गया। मीडिया द्वारा प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्रों के दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े होने संबंधी वायरल वीडियो पर सवाल पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी सूचना प्राप्त हुई है, जिसकी सत्यता की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया है कि छात्रों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान विद्यालय स्तर पर ही समय रहते करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।