कुनार: अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर कुनार प्रांत में शनिवार को एक स्कूल के पास हुए भीषण विस्फोट में कम से कम सात छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 अन्य घायल हो गए। हादसा एक माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित मकान में हुआ, जहां खनन कार्य के लिए विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रांत के अंदर सेर इलाके में हुआ। जिस मकान में धमाका हुआ, उसमें खनन कार्य से जुड़े लोगों ने डायनामाइट और अन्य विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। इन विस्फोटकों का इस्तेमाल कुनार-नूरिस्तान सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य में भी किया जा रहा था।
कुनार के सूचना एवं संस्कृति निदेशक सामीउल हक हक बयान ने बताया कि विस्फोट में बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए हैं। घायलों में अधिकांश को बेहतर उपचार के लिए पड़ोसी नंगरहार प्रांत के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन और जांच दल मौके पर पहुंचकर विस्फोट के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।
शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या सात बताई गई है, जबकि अस्पताल के अधिकारियों की ओर से घायलों की संख्या 97 बताई गई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि राहत एवं बचाव कार्य और जांच पूरी होने के बाद हताहतों की संख्या में बदलाव हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोटक सामग्री में धमाका किस वजह से हुआ। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
